Sunday, August 31, 2014

अकादमी की आगे की गतिविधियाँ अब नए परिसर में

एक सितंबर से बामा अकादमी की गतिविधियाँ नए परिसर में होंगी । इस बाबत सारी तैयारी कर ली गई हैं । अकादमी के नए परिसर को पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है । अकादमी के प्रवर्तक-निदेशक द्धय रामकुमार शर्मा और भारती शर्मा के दिशा-निर्देशन में गतिविधियाँ शुरू किए जाने से पहले की सारी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है । छोटी से छोटी जरूरतों और सुविधाओं का ध्यान रखते हुए हर वह काम कर लिया गया है जो उनके ध्यान में आया और या जिसका उन्हें ध्यान करवाया गया ।
अकादमी के नए परिसर को लेकर अकादमी के छात्रों तथा अकादमी से जुड़े कलाकारों में भी गहरी उत्सुकता और जिज्ञासा देखी गई है । इसी उत्सुकता और जिज्ञासा के चलते कल 30 और आज 31 अगस्त को कई छात्रों व कलाकारों ने अकादमी के नए परिसर का जायेजा लिया । इन दो दिनों में जो लोग भी यहाँ आए वह तैयारियों को देख कर खासे प्रभावित भी हुए और खुश भी । उन्होंने भी माना और कहा भी कि अकादमी का नया परिसर कामकाज के लिहाज से उनके लिए ज्यादा फ्रेंडली लग रहा है ।
अकादमी में कामकाज विधिवत रूप से शुरू होने से एकदम पहले की तैयारियों तथा स्थितियों का जायेजा यहाँ प्रस्तुत तस्वीरों में भी लिया जा सकता है :









Thursday, August 21, 2014

अकादमी का नया परिसर लगभग तैयार

परंपरागत तरीके से बामा अकादमी के नए परिसर में औपचारिक रूप से प्रवेश करने का आयोजन संपन्न कर लिया गया है, और अब जल्दी ही अकादमी के नये परिसर में गतिविधियाँ शुरू हो जायेंगी । अकादमी के प्रवर्तक-निदेशक द्धय रामकुमार शर्मा और भारती शर्मा ने विधिवत तरीके से प्रवेश के शुभ अवसर पर रीति-रिवाज के अनुसार होने वाली पूजापाठ को संपन्न किया और अकादमी के छात्रों व कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की और ईश्वर तथा अपने गुरु जी को पूर्ण श्रृद्धा के साथ याद करते हुए उनका आशीर्वाद लिया ।
अकादमी का नया परिसर पिछले परिसर की तुलना में बड़ा है - जिसका फायदा उठाते हुए छात्रों व कलाकारों के काम को यहाँ ऐसे एंगल पर स्थापित किया गया है, जिससे कि वह आगंतुकों को सहजता और स्पष्टता के साथ नजर आ सकें; तथा आगंतुकों को अकादमी के छात्रों व कलाकारों द्धारा किए गए काम से नजदीक से परिचित हो सकने का मौका मिल सके । अकादमी के नए परिसर को इस तरह डिजाइन और व्यवस्थित किया गया है जिससे कि छात्रों तथा यहाँ काम करने वाले कलाकारों को काम करने के लिए पर्याप्त स्पेस मिले । नए परिसर की बनावट भी ऐसी है कि प्राकृतिक रोशनी का भी पूरा-पूरा लाभ लिया जा सकता है ।
अकादमी के नए परिसर में बुनियादी काम लगभग पूरे हो चुके हैं और अब बस फाइनल टचेज देना ही बाकी रह गया है । जल्दी ही उसे भी पूरा कर लिए जाने का विश्वास है और उम्मीद है कि नया महीना अकादमी के नए परिसर में ही शुरू होगा । नया परिसर जितना अभी तैयार हुआ है, उसकी एक झलक यहाँ प्रस्तुत तस्वीरों में देखी जा सकती है :